मैट्रिक परीक्षा में राज्य में आठवें स्थान पाने वाली छात्रा को चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया सम्मानित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 11, 2026
- 1 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी ओन सोन रोहतास ।जिले के सासाराम क्षेत्र के शंकरपुर टोला निवासी चंद्रमा चंद्रवंशी की सुपुत्री खुशी कुमारी चंद्रवंशी ने बिहार बोर्ड की दसवीं परीक्षा में पूरे राज्य में आठवाँ स्थान प्राप्त कर अपने परिवार एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस शानदार उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर राजद के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सह मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चन्द्रवंशी ने खुशी कुमारी को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनकी इस सफलता पर बधाई दी।
गुड्डू चन्द्रवंशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, लगन और आत्मविश्वास का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि खुशी कुमारी ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि खुशी कुमारी की यह ऐतिहासिक सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और उम्मीद की नई किरण है। गुड्डू चन्द्रवंशी ने उन्हें हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके माता-पिता और गुरुजनों को भी नमन किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि खुशी कुमारी आगे भी अपने जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश-विदेश में अपने परिवार, समाज तथा राज्य का नाम रोशन करें।


रिपोर्टर