वाराणसी में युवक से मारपीट, मुकदमा दर्ज; जांच में जुटी पुलिस
- सर्वेश यादव, ब्यूरो चीफ वाराणसी
- Apr 13, 2026
- 2 views
वाराणसी/हरहुआ। बड़ागांव थाना क्षेत्र के कबिरामपुर गांव में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित राहुल पटेल ने बताया कि वह वाहन संख्या UP 65 HT 2242 (टाटा जेस्ट) का मालिक था, जिसे उसने हुकूलगंज (सारनाथ) निवासी रामजी यादव को बेच दिया था। वाहन की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही सौदा पूरा किया गया था।
आरोप है कि वाहन खरीदने के कुछ महीनों बाद राम जी यादव ने गाड़ी में खराबी का हवाला देते हुए राहुल से ₹50,000 से ₹60,000 की मांग शुरू कर दी और उसे धमकाने लगा।
पीड़ित के अनुसार, बीते सात तारीख को उसे फोन कर आठ तारीख को गाजीपुर के नंदगंज भाड़ा ले जाने के लिए बुलाया गया। ₹1500 में भाड़ा तय हुआ। 8 तारीख को सुबह करीब 11:30 बजे जब वह बेनीपुर पोखरा पहुंचा और फोन किया, तो वहां पहले से राम जी यादव, उसका साला रवि और तीन अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे।
राहुल के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पैसे की मांग करते हुए लात-घूंसों व डंडों से बुरी तरह मारपीट की। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और सारनाथ थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर