नवसाक्षरों की परीक्षा आयोजित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 13, 2026
- 19 views
रोहतास ।जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण और पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार चल रहे संपूर्ण महिला साक्षरता अभियान के तहत रविवार को पूरे जिले में बुनियादी साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उन महिलाओं के लिए एक नया अवसर थी, जिन्हें बचपन में शिक्षा से वंचित रहना पड़ा था। जनवरी 2026 से संचालित साक्षरता केंद्रों में पढ़ाई कर रही नवसाक्षर महिलाओं ने इस परीक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक महिलाओं ने अक्षर, शब्द और अंक पहचान की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। सासाराम नगर के मध्य विद्यालय किला, कबीरगंज, भदोखरा और सिकरियां सहित कई केंद्रों पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। सबसे भावुक दृश्य मध्य विद्यालय किला में देखने को मिला, जहां एक महिला अपने नवजात शिशु को एक हाथ में संभालते हुए दूसरे हाथ से कलम चलाकर परीक्षा दे रही थी। यह दृश्य इस बात का प्रतीक था कि शिक्षा के प्रति जागरूकता और जज्बा किसी भी परिस्थिति से बड़ा होता है।
केआरपी राम नारायण सिंह द्वारा किए गए अनुश्रवण के दौरान यह पाया गया कि लक्ष्य 217 के मुकाबले 197 नवसाक्षरों ने परीक्षा में भाग लिया, जो इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।यह पहल न केवल महिलाओं को साक्षर बना रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ा रही है। रोहतास में साक्षरता की यह लौ अब एक आंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है।


रिपोर्टर