दुर्गावती में एक निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत के बाद NH-19 जाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 13, 2026
- 139 views
संवाददाता श्याम सुंदर पांडेय कि रिपोर्ट
दुर्गावती (कैमूर):-- थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और NH-19 को जाम कर दिया। मृतक की पहचान बिछिया गांव निवासी राम इकबाल सिंह कुशवाहा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राम इकबाल सिंह को सांस फूलने की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें दुर्गावती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन परिजनों का आरोप है कि मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद चिकित्सकों ने समय रहते उन्हें वाराणसी रेफर नहीं किया। उनका कहना है कि यदि समय पर रेफर कर दिया जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने NH-19 को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और एसडीपीओ प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। वहीं, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले को लेकर परिजनों द्वारा अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर