कुदरा में बंद घर का ताला तोड़ लाखो की चोरी,इलाके में बढ़ती वारदातों से दहशत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 24, 2026
- 2 views
दरवाजे को बाहर से बंद कर वारदात, गहने-नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर
कुदरा (कैमूर), संवाददाता:-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बंद घर को निशाना बनाया। बेलभद्रा गांव निवासी ठाकुर साह के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ठाकुर साह, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण साह, ने बताया कि घटना देर रात करीब 1 बजे की है। उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी बीच चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और मुख्य कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, महंगे कपड़े और बर्तन चुरा लिए। चोरी गए सामान में सोने का लॉकेट, चैन, मंगलसूत्र समेत करीब 60 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरों ने वारदात के दौरान घर के दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर रस्सी से बांध दिया, ताकि घर के लोग बाहर न निकल सकें और उन्हें घटना की भनक तक न लगे। सुबह इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने खेत में बिखरे सामान और खाली बक्से देखे। उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कुदरा थाना की डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने थाना में आवेदन देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं, पुलिस पर उठ रहे सवाल
कुदरा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
29 दिसंबर 2025: लालपुर वार्ड संख्या 1 के पुरैनी में चोरी
31 दिसंबर 2025: घटांव में चोरी
5 जनवरी 2026: वार्ड 4 में नगदी व आभूषण की चोरी
17 जनवरी 2026: वार्ड 8 में 1.75 लाख रुपये व गहनों की चोरी
7 व 8 फरवरी 2026: वार्ड 7 में लगातार दो दिन चोरी
17 फरवरी 2026: वार्ड 10 और 12 में एक ही दिन 10 घरों में चोरी
19 फरवरी 2026: कुदरा बाजार में मस्जिद के पास चोरी
इन घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी चोरी के मामले का उद्वेदन करने में कुदरा पुलिस प्रशासन दिख रही है असमर्थ जिसको लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने वा संदिग्ध लोगों की जांच और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा


रिपोर्टर