कुदरा नगर पंचायत में सैरात बंदोबस्ती ठप, नए नियमों के विरोध में बोली का बहिष्कार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 26, 2026
- 26 views
अस्थायी समिति की अनुपस्थिति से पहली बैठक रद्द, दूसरी बैठक में पहुंचे लोगों ने कार्यपालक पदाधिकारी के फैसले पर जताया कड़ा विरोध
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:- जिले के कुदरा नगर पंचायत कार्यालय में सैरात आम बंदोबस्ती 2026-27 को लेकर आयोजित प्रक्रिया विवादों में घिर गई। 23 मार्च 2026 को डाक (बोली) के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन सशक्त अस्थायी समिति की अनुपस्थिति के कारण बैठक संपन्न नहीं हो सकी। इसके बाद पुनः 25 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
दूसरी बैठक में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए, लेकिन सभी ने एकजुट होकर सैरात बंदोबस्ती प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। मौके पर मौजूद अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा लागू किए गए नए नियमों को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सैरात की वसूली खड़े टेंपो एवं ठेले से नहीं की जाएगी, और यदि इस प्रकार की शिकायत मिलती है तो टेंडर लेने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय का उपस्थित लोगों ने कड़ा विरोध किया। उनका कहना था कि वे टेंडर लेने आए हैं, न कि कानूनी विवाद में फंसने के लिए। इसी बात को लेकर सभी ने सामूहिक रूप से बंदोबस्ती प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। वहीं, इस पूरे मामले पर जानकारी लेने के लिए जब मीडिया ने कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने विभागीय ऑनलाइन बैठक में व्यस्त होने की बात कही।


रिपोर्टर