डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 28, 2026
- 5 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत दिवाने मुकवा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों व परिजनों ने चकिया-हाटा मुख्य सड़क को जाम कर मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान ग्राम डेढ़ुआ निवासी परवेज अंसारी (पिता- जलील अंसारी) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि परवेज अंसारी किसी शादी समारोह (बारात) से लौट रहे थे। इसी दौरान दिवाने मुकवा के पास भारतमाला परियोजना में मिट्टी ढुलाई में लगे एक अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारतमाला परियोजना के तहत भारी वाहनों का आवागमन तेज गति से हो रहा है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चकिया-हाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की घटनाएं आगे भी होती रहेंगी। वहीं, सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी रही और जाम हटाने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन के बाद ही स्थिति सामान्य हुआ।


रिपोर्टर