स्व. शिव गोविंद चौधरी की 50वीं पुण्यतिथि पर प्रतिमा अनावरण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 30, 2026
- 4 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे।
डेहरी रोहतास।ऐनीकट झारखंडी मंदिर के समीप पुरानी टाल बांस के संस्थापक स्वर्गीय शिव गोविंद चौधरी की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके पुत्र तुलसी चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में स्व. शिव गोविंद चौधरी को अपना आदर्श मानने वाले लोगों ने उनके व्यक्तित्व और व्यवसायिक योगदान को याद करते हुए उन्हें अनुकरणीय बताया। प्रतिमा स्थापना से पूर्व विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
इस मौके पर उनके पुत्र तुलसी चौधरी ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता केवल एक सफल व्यवसायी ही नहीं, बल्कि गरीबों के मसीहा और समाज के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने हमेशा गरीब, किसान और मजदूर वर्ग की भलाई के लिए काम किया। वे मानिकपुर गांव के हर जरूरतमंद तक स्वयं पहुंचकर उनकी मदद करते थे।
तुलसी चौधरी ने कहा कि उन्हें अपने पिता के साथ लंबे समय तक व्यवसाय करने का अवसर नहीं मिला, लेकिन वे उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने ‘शिव मूर्ति एंड सन्स’ की नींव को और मजबूत करने की बात भी कही।
कार्यक्रम में उनके पोता धीरज चौधरी ने सभी आगंतुकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज वे जो कुछ भी हैं, वह समाज के प्रेम और समर्थन का ही परिणाम है।
इस अवसर पर परिवार के सदस्य—कलावती चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, राम अवतार चौधरी, राजू चौधरी, सुभाष चौधरी, धीरज चौधरी, सुषमा देवी एवं रानी कुमारी,तनु निषाद सहित अनेक लोगों ने स्व. शिव गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।


रिपोर्टर