विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डिहरी आनसोन।विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के अंतर्गत संचालित नारायण नर्सिंग कॉलेज के सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग द्वारा गुरुवार को केशो-बिघा प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या सह डीन प्रो. डॉ. के. लता एवं उप-प्राचार्या डॉ. श्वेता शर्मा के मार्गदर्शन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इसमें जीएनएम तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रयासों के अनुरूप मलेरिया की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा, पपेट शो तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्कूली बच्चों एवं स्थानीय लोगों को सरल भाषा में मलेरिया से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के कुल 65 छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने गतिविधियों में रुचि दिखाई, जिससे कार्यक्रम प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ। अंत में, इस आयोजन ने जहां एक ओर नर्सिंग छात्रों को व्यावहारिक शिक्षण अनुभव प्रदान किया, वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट