भभुआ-मोहनिया में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, नियम तोड़ने वालों से 94 हजार रुपये जुर्माना वसूला
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 30, 2026
- 2 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
मोहनिया। जिले में सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। बुधवार को भभुआ और मोहनिया के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल लोडिंग करना और नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना महंगा साबित हुआ। पुलिस ने कुल मिलाकर 94 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
भभुआ शहर के पटेल चौक, जेपी चौक और नहर के पास चलाए गए सघन जांच अभियान में पुलिस ने खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों को निशाना बनाया। बिना हेलमेट चल रहे और एक ही बाइक पर तीन-तीन लोगों को बैठाकर चलने वालों को रोककर चालान काटा गया। इस कार्रवाई में 20 बाइक चालकों से कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान कई चालकों को मौके पर ही ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी गई और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसी तरह मोहनिया के चांदनी चौक पर भी ट्रैफिक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। यहां 21 बाइक चालकों को बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग करते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ चालान काटते हुए कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक रास्ता बदलकर निकलते नजर आए।
वहीं मोहनिया के व्यस्त पटना मोड़ पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। सड़क किनारे और प्रतिबंधित जगहों पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान कई वाहनों को हटवाया भी गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही।
ट्रैफिक थाना अध्यक्ष रवि भूषण कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना और ट्रिपल लोडिंग करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। ऐसे में लोगों को खुद जागरूक होकर नियमों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करें, तय सीमा में ही सवारी बैठाएं और जहां-तहां वाहन खड़ा करने से बचें। ट्रैफिक नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर