चेन चोरी के झूठे आरोप में महिला का अपहरण, बेरहमी से पिटाई 40 हजार लूटकर पोखरा किनारे फेंका
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 01, 2026
- 2 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला को चेन चोरी के झूठे आरोप में अगवा कर उसके साथ बर्बरता की गई। पीड़ित के पुत्र सोनू कुमार ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार (पिता स्वर्गीय लक्ष्मण राम), निवासी कुदरा बाजार, की मां शिव कुमारी देवी 29 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपनी बहन के श्रद्धा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डेहरी जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान कुदरा स्टेशन पहुंचने से पहले तीन पुरुष और एक महिला ने उन पर चेन चोरी का आरोप लगाते हुए जबरन स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों में कृष्णा सेठ (पिता स्वर्गीय शिव प्रसाद सेठ) एवं अमित राज (पिता स्वर्गीय सेठ), दोनों निवासी नेवरास थाना कुदरा, सहित अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं। सभी आरोपियों ने महिला को नेवरास गांव ले जाकर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और अमानवीय अत्याचार किया। पीड़िता के साथ कपड़े उतरवाकर बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इतना ही नहीं, उनके पास मौजूद बैग से करीब 40 हजार रुपये भी लूट लिए गए। आरोप है कि आरोपियों ने महिला की हत्या की नीयत से गले में फंदा डालकर जान लेने की भी कोशिश की। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद जब मामले की जानकारी फैलने लगी और पुलिस के पहुंचने की आशंका हुई, तो आरोपी महिला को रात के अंधेरे में नेवरास गांव के पोखरा के पास घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। बाद में परिजन महिला को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। यह घटना इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।


रिपोर्टर