नीट की परीक्षा आज डीएम ने दिए सख्त निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 02, 2026
- 16 views
रोहतास ।जिले में 03 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में आज जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित कर सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता सर्वोपरि है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया।
जानकारी दी गई कि नीट (यूजी)-2026 परीक्षा एक ही पाली में अपराह्न 2:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसकी कुल अवधि तीन घंटे निर्धारित है। परीक्षा के संचालन हेतु रोहतास जिला अंतर्गत कुल 07 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें शेरशाह कॉलेज, एसपी जैन कॉलेज, शेरशाह सूरी इंटर स्कूल, शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज, श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोहतास महिला कॉलेज एवं श्री शंकर कॉलेज शामिल हैं। जहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। परीक्षा में कुल 3523 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल तथा उड़नदस्ता दल की तैनाती की गई है। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक निगरानी एवं सतत पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके। महिला अभ्यर्थियों की जांच हेतु महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, घड़ी, अंगूठी, चेन,कान की बाली, बेल्ट, इरेज़र,शार्पनर एवं अन्य किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस/ गजट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर 200 गज की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 के तहत संपूर्ण परीक्षा अवधि तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा केंद्र पर मीडिया के प्रवेश को वर्जित किया गया है।
परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश 11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:30 बजे अपराह्न तक कराया जाएगा। 01:30 बजे अपराह्न के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिलाधिकारी के द्वारा परीक्षार्थियों का दो लेयर में फ्रीस्किंग का निर्देश दिया गया।पहला मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश के समय एवं दूसरा राष्ट्रीय पात्रता एजेंसी के प्राधिकृत पदाधिकारी के स्तर से परीक्षा केंद्र के अंदर फ्रीस्किंग कराई जाएगी। फ्रीस्किंग के बाद सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक लिया जाएगा इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति रहेगी। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र के साथ अपना दो फोटोग्राफ भी साथ लेकर आएंगे।
परीक्षा को स्वच्छ एवं निष्पक्ष वातावरण में संचालन को लेकर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जो दूरभाष संख्या 06184226072 / 06184226093 पर परीक्षा के दिन कार्यरत रहेगा। जिसके वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त रहेंगे।
इस संयुक्त ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित वरीय पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।


रिपोर्टर