सीढ़ी फिसलने से महिला की दर्दनाक मौत, उपला उतारने के दौरान हुआ हादसा

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट

कैमूर-- जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत करमचट थाना क्षेत्र के झाली गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका की पहचान झाली गांव निवासी बहादुर राम की 38 वर्षीय पत्नी रीना देवी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार रीना देवी शुक्रवार सुबह घर के कामकाज में लगी हुई थीं। इसी दौरान वह बांस की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर उपला उतार रही थीं। बताया जाता है कि अचानक सीढ़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। सीढ़ी फिसलते ही रीना देवी अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरीं और घर के पास लगे लोहे के चापाकल से टकरा गईं।


टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। घटना होते ही परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल महिला को उपचार के लिए रामपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. सितेश राज ने जांच के बाद रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रीना देवी स्वभाव से मिलनसार महिला थीं और परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाती थीं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। वहीं गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट