5 वर्षीय बच्चे के अपहरण का 5 घंटे में खुलासा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 16, 2026
- 4 views
भिवंडी तालुका पुलिस ने आरोपी को दबोचा
भिवंडी। भिवंडी तालुका पुलिस ने 5 वर्षीय मासूम के अपहरण मामले का महज 5 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को मुंबई के पवई इलाके से सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया। त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। पुलिस के अनुसार भिवंडी ग्रामीण इलाके कड एक गांव स्थित चॉल के रहने वाले मजदूर का 5 वर्षीय बेटा अंश 14 मई को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने भिवंडी तालुका पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वहीं स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप गीते के मार्गदर्शन में भी समानांतर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और गोपनीय सूत्रों के आधार पर ठाणे शहर और मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कल्याण, मुंब्रा, ठाणे और पवई समेत कई इलाकों में तलाश की। आखिरकार पवई के खैरानीपाड़ा इलाके की एक खोली से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया। वहां आरोपी इकबाल गुड्ड अंसारी बच्चे को अपने कब्जे में रखे हुए था। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर बच्चे को सुरक्षित भिवंडी लाया और परिजनों को सौंप दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने बच्चे के साथ अमानवीय कृत्य किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। महज 5 घंटे में बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भिवंडी तालुका पुलिस की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।


रिपोर्टर