नारायण वर्ल्ड स्कूल में बोर्ड टॉपर्स सम्मान समारोह आयोजित, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह ने किया सम्मानित।


संवाददाता पारस नाथ दुबे 


डिहरी आनसोन रोहतास।नारायण वर्ल्ड स्कूल, जमुहार में आयोजित ‘शैल संजीवनी’ बोर्ड टॉपर्स पुरस्कार सम्मान समारोह में विद्यालय के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व राज्यसभा सांसद Gopal Narayan Singh ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए स्कूली शिक्षा का वैश्विक एवं प्रायोगिक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अध्ययन करना चाहिए तथा अपनी माटी और संस्कारों से जुड़े रहकर विकसित भारत 2047 के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

सम्मानित विद्यार्थियों में 12वीं विज्ञान संकाय की टॉपर सुश्री आकृति सिंह, जिन्होंने राष्ट्रीय औसत में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, तथा 10वीं के उज्ज्वल कुमार, जिन्होंने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, प्रमुख रूप से शामिल रहे। विद्यालय की ओर से दोनों विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा 12वीं एवं 10वीं कक्षा में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आयुष कुमार सिंह, अंकित कुमार, आदिती चौहान एवं मनीष कुमार सिंह को क्रमशः 7500 एवं 5000 रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों को भी बधाई देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की विद्यालय की प्रतिबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट