सहयोग शिविर में 2103 में 1471 का आन द स्टाप निराकरण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 20, 2026
- 4 views
रोहतास। मंगलवार को माननीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिला प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले में आयोजित “सहयोग शिविर” में भाग लेकर विभिन्न पंचायतों में आमजनों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नासरीगंज, नोखा, संझौली एवं सासाराम प्रखंड के पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
माननीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आज रोहतास जिले के 18 पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
माननीय मंत्री ने कहा कि “सहयोग शिविर” वास्तव में सरकार के जनता के द्वार तक पहुंचने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि “पूरी सरकार पंचायतों में पहुंचकर लोगों के आवेदन प्राप्त कर रही है और उनका निष्पादन सुनिश्चित कर रही है।” उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, भूमि विवाद, पेंशन, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक कुल 2103 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1471 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर कर लिया जाएगा। माननीय मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी आवेदन का निष्पादन 30 दिनों के भीतर नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही बरतने 30 दिन के अंदर स्वयं नप जायेंगे।
माननीय मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अधिकारियों के साथ प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी, ताकि व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रोहतास, पुलिस अधीक्षक रोहतास, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


रिपोर्टर