रामजी सिंह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे डीडीसी


रोहतास।आकाशदीप चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में एबी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर २९ मई २०२६ की रात ८ बजे से 'लेट रामजी सिंह मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट' के चौथे सीजन का भव्य शुभारंभ हुआ। इस शानदार आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में रोहतास के डीडीसी विजय कुमार पांडेय मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप सहित जिले और राज्य की कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुईं। अतिथियों की इस गौरवमयी सूची में सासाराम की एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, अरवल के एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, जिला खेल पदाधिकारी विनय प्रताप सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी नयन प्रकाश, जेल अधीक्षक सुजीत राय और आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार शामिल थे। इनके अलावा महाबोधि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन राजेश कुमार, जीएस चेयरमैन ब्रजेश सिंह, पीएनपीएस के डायरेक्टर संजय त्रिपाठी, केडीसीए के अध्यक्ष अजय कुमार, राज नर्सिंग होम के डायरेक्टर डॉ. आलोक तिवारी, रोहतास की जिला स्वच्छता आइकॉन डॉ. मधु उपाध्याय, बीएनएस होटल के ओनर संजय सिंह, शेरावाली कंस्ट्रक्शंस के अनिल सिंह और आर्श हेल्थ इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. आलोक तिवारी ने भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।


खेल जगत और मीडिया जगत से भी कई प्रमुख हस्तियां इस ऐतिहासिक रात की गवाह बनीं। समारोह में आरडीसीए के पूर्व अध्यक्ष शेखर पासवान, सचिव सरोज यादव, पूर्व क्रिकेटर रणविजय सिंह और सासाराम नगर निगम के पूर्व उप मुख्य पार्षद चंद्रशेखर जी उपस्थित रहे। साथ ही चौथे स्तंभ के रूप में दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ नरेंद्र कुमार, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ अनुराग शरण, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ ब्रजेश पाठक और हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ जितेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह की शुरुआत बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जहाँ मैदान पर मौजूद दर्शकों और खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद इस साल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी ३६ टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन के साथ मार्च पास्ट किया और मुख्य मंच को सलामी दी।


इस अवसर पर भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप ने खेल भावना का परिचय देते हुए सभी आगत अतिथियों को मोमेंटो और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट जनों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। भावुक क्षणों के बीच, क्रिकेटर आकाशदीप के पूज्य पिता स्वर्गीय रामजी सिंह, जिनके नाम पर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है, उनके तैल चित्र पर सभी अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मंच से सभी सम्मानित अतिथियों ने खेल रहे बच्चों, युवाओं और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने जीवन में खेल के महत्व को रेखांकित किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए शानदार खेल दिखाने के लिए प्रेरित किया।


उद्घाटन सत्र के अगले चरण में चमचमाती विनर ट्रॉफी का अनावरण किया गया, जिसे देखकर खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। इसके बाद इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए सभी अतिथियों और आयोजकों का एक सामूहिक ग्रुप फोटो लिया गया। इसके तुरंत बाद अतिथियों द्वारा फीता काटकर, नारियल फोड़कर और आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर टूर्नामेंट के मैचों की आधिकारिक शुरुआत की गई। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ उद्घाटन समारोह का औपचारिक समापन हुआ, जिसके बाद आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए भव्य सुरुचिपूर्ण भोजन की व्यवस्था की गई थी।


इस पूरे भव्य आयोजन को सफल बनाने में एबी क्रिकेट एकेडमी के संस्थापक वैभव कुमार, प्रबंधक पवन हरि शरण, हेड कोच सतीश कुमार राय तथा अन्य कोच विजय कुमार, बिट्टू पांडेय, आलोक कुमार, रितेश कुमार और विकास कुमार ने सराहनीय भूमिका निभाई। साथ ही एकेडमी की ओर से रानी तिवारी, पुनीत चौबे, नीरज पांडेय और अभिनव कुमार भी व्यवस्था संभालने में मुस्तैद दिखे। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन संतोष ओझा उर्फ छोटन ओझा ने अपनी चिरपरिचित और ओजस्वी शैली में किया, जबकि इस दौरान शशि रंजन पांडेय उर्फ डब्लू भैया भी मंच पर सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित करते रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट