विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 08, 2026
- 5 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर----- जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष दीपक कुमार के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिवहर के सचिव ललन कुमार रजक के निर्देशानुसार शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता अजीत कुमार झा एवं पीएलवी रौशन कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित कानूनी अधिकारों, सरकारी सहायता, मुआवजा योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित व्यक्तियों एवं परिवारों को विधिक सहायता प्रदान करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि वन्यजीवों के कारण जान-माल की क्षति होने की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति अथवा उनके परिजन निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा एवं अन्य राहत प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजनों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। अंत में लोगों से अपील की गई कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना संबंधित विभाग को तत्काल दें तथा आवश्यक विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर से संपर्क कर सकते हैं।


रिपोर्टर