नगर निगम बोर्ड बैठक में सड़क, नाली व एलईडी लाइट योजनाओं को मिली मंजूरी

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी--- गया नगर निगम सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की। बैठक में सर्वसम्मति से शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली सहित 267 विकास योजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई, जिन पर लगभग 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मेयर ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से लंबे समय से लंबित सड़क एवं जलनिकासी संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिले और जलजमाव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

बैठक के दौरान पार्षदों ने नालों की सफाई में लगे मजदूरों के भुगतान का मुद्दा भी उठाया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि संबंधित एजेंसी द्वारा मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। वार्ड पार्षद नैयर अहमद ने कहा कि उन्होंने स्वयं कई मजदूरों को भुगतान किया है। वहीं वार्ड 53 के पार्षद ने आरोप लगाया कि एजेंसी निगम से अधिक राशि ले रही है जबकि मजदूरों को कम भुगतान किया जा रहा है। इस पर मेयर ने कहा कि उचित मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण एक दिन का कार्य दस दिन में पूरा हो रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी को एक सप्ताह की राशि का भुगतान किया जा चुका है और यदि मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया है तो एजेंसी से जवाब तलब किया जाएगा।

बैठक में सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने शहर के सात तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों के बाद भी किसी भी तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा नहीं हो सका है, जबकि निगम में चार सहायक अभियंता और करीब एक दर्जन कनीय अभियंता कार्यरत हैं। उन्होंने इसके लिए अभियंताओं की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। इस पर मेयर ने संबंधित अभियंताओं की वाहन सुविधा बंद करने की बात कही।

मेयर ने कहा कि शहर की अधिकांश मुख्य सड़कें बेहतर हो चुकी हैं और अब गलियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि शहर की कोई भी गली अंधेरे में नहीं रहेगी। जहां बिजली के खंभे हैं अथवा नहीं हैं, सभी क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर कार्य किया जाएगा।

बैठक में सशक्त स्थायी समिति सदस्य मनोज कुमार, सारिका वर्मा, वार्ड पार्षद नैयर अहमद,अनुपमा कुमारी, आरती कुमारी,सोनी देवी, निलम कुमारी,अंजना श्रीवास्तव, अमृता कुमारी,सुशीला कुमारी,ईरम कहकशां,राजीव कुमार सिन्हा,दीपक चंद्रवंशी, रणधीर गौतम,गजेन्द्र सिंह सहित कई पार्षद उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट