भभुआं बार के वरिष्ठ अधिवक्ता अमरदेव सिंह का निधन, अधिवक्ता जगत में शोक की लहर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 08, 2026
- 12 views
पटना में अचानक गिरने से हुई मृत्यु, 57 वर्षों तक वकालत के क्षेत्र में दी उल्लेखनीय सेवाएं
संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)--- जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता अमरदेव सिंह का सोमवार को पटना में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ता संघ सहित पूरे न्यायिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह 82 वर्ष के थे और लंबे समय से सिविल कोर्ट भभुआ में सक्रिय रूप से वकालत कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अखलासपुर निवासी एवं वर्तमान में भभुआ नगर के वार्ड संख्या-10 चकबंदी रोड निवासी अधिवक्ता अमरदेव सिंह सोमवार को पटना स्थित अपने बड़े पुत्र के आवास पर थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान दरवाजे के समीप रास्ते में अचानक गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व महासचिव मंटू पांडेय ने बताया कि अमरदेव सिंह 11 फरवरी 1969 को बिहार स्टेट बार काउंसिल के सदस्य बने थे तथा 12 फरवरी 1969 को जिला अधिवक्ता संघ भभुआ से जुड़े थे। उनका रजिस्ट्रेशन संख्या 481 वर्ष 1969 का था। वे लगभग 57 वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में सक्रिय रहे और सिविल कोर्ट भभुआ में अपनी सेवाएं देते रहे।
उन्होंने बताया कि अमरदेव सिंह करीब 35 वर्षों से एजीपी (असिस्टेंट गवर्नमेंट प्लीडर) के पद पर कार्यरत थे। बढ़ती उम्र के बावजूद वे न्यायिक कार्यों में रुचि रखते थे। स्वास्थ्य कारणों से पिछले लगभग तीन महीनों से कोर्ट नहीं आ पा रहे थे, लेकिन उनका स्वास्थ्य सामान्य बताया जा रहा था।
स्वर्गीय अमरदेव सिंह वर्तमान में पटना में अपने बड़े पुत्र के साथ रह रहे थे। उनके बड़े पुत्र राकेश कुमार वर्तमान में जगदीशपुर अनुमंडल सिविल कोर्ट में सब जज प्रथम के पद पर कार्यरत हैं। राकेश कुमार ने दूरभाष पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि शाम तक पार्थिव शरीर को भभुआ लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होगी।
उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। शोक संवेदना प्रकट करने वालों में अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, लल्लन जी पांडेय, शशिकांत तिवारी, कमलेश्वर तिवारी, जंग बहादुर सिंह, प्रहलाद सिंह, मंटू पांडेय, अनिल कुमार, गिरीश कुमार श्रीवास्तव, रणधीर कुमार दुबे, जगत नारायण तिवारी, हरिद्वार पांडेय, श्रीकांत उपाध्याय, जी.पी. सिन्हा, सच्चिदानंद राय, मदन गोपाल गुप्ता, अंजनी कुमार पांडेय, राजकुमारी मिश्रा, राजेंद्र पांडेय, रमन जी पांडेय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि अमरदेव सिंह न केवल एक कुशल विधिवेत्ता थे, बल्कि युवा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शक और न्यायिक परंपराओं के संरक्षक भी थे। उनके निधन से जिला अधिवक्ता संघ को अपूरणीय क्षति हुई है।


रिपोर्टर