वरिष्ठ पत्रकार श्यामसुंदर पांडेय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट 

कैमूर--- जिले के दुर्गावती प्रखंड के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय श्याम सुंदर पांडेय के निधन पर सोमवार को दुर्गावती बाजार स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि एवं शोकसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय पांडेय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें निष्पक्ष पत्रकारिता व समाज का सच्चा प्रहरी बताया। आपको बताते चलें की स्वर्गवासी श्री पाण्डेय ने पत्रकारिता जगत में राष्ट्रीय सहारा से प्रारंभ कर स्थानीय विभिन्न समाचार पत्रों के साथ ही वर्तमान में अनेकों वर्षों से अखिल भारतीय समाचार पत्र से जुड़े रहें।

दैनिक भास्कर समाचार पत्र के स्थानीय पत्रकार मनोज कुमार सिंह ने कहा कि श्यामसुंदर पांडेय स्वच्छ छवि, निष्पक्ष पत्रकारिता और उच्च मानवीय मूल्यों के प्रतीक थे। उन्होंने हमेशा समाज में समन्वय और सौहार्द बनाए रखने का प्रयास किया तथा अपने सरल और सौम्य स्वभाव से लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राजनीति से करने वाले पांडेय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

समाजसेवी मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय पांडेय जहां भी मिलते थे, मुस्कुराकर लोगों का हालचाल पूछते थे। वे समाज के हर वर्ग से जुड़े रहते थे, साथ ही लेखनी के माध्यम से जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे।

वहीं, डॉ. रामराज भारती ने कहा कि श्यामसुंदर पांडेय का व्यक्तित्व अत्यंत प्रभावशाली था। वे सहज, सरल और मिलनसार व्यक्ति थे, जिनकी कमी समाज और पत्रकारिता जगत को हमेशा खलेगी।

उल्लेखनीय है कि लगभग 68 वर्षीय श्यामसुंदर पांडेय का शनिवार को वाराणसी स्थित हेरिटेज अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

स्वर्गीय पांडेय लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने राष्ट्रीय सहारा, अखिल भारतीय हिंदी समाचार पत्र, बिहार जागरण सहित कई प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।  निष्पक्ष लेखनी, सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और सौम्य व्यवहार के कारण उन्होंने पत्रकारिता जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।

शोकसभा में अखिल भारतीय समाचार के उप संपादक कुमार चन्द्र भुषण तिवारी,पत्रकार सच्चिदानंद सिंह, पिंटू तिवारी, शोएब खान, तुराब खान, ब्रजेश दुबे,सोनू कुमार, संजय कुमार, हामिद शाह सहित प्रखंड प्रमुख श्याम कुमार साह, समाजसेवी उमेश पांडेय, पथिक तिवारी, मुन्ना पांडे, राजेंद्र प्रजापति, डॉ. रामराज भारती तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय श्यामसुंदर पांडेय के आदर्श, सामाजिक सरोकार और पत्रकारिता के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट