ट्रांसफार्मर बिजली संकट को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन


रोहतास। शहर के नूरनगंज दुर्गा मंदिर के समीप मंगलवार को बिजली की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मोहल्ले में जल्द से जल्द अतिरिक्त एवं अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि लंबे समय से चली आ रही बिजली संकट की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।


ट्रांसफार्मर में लगती है आग


स्थानीय लोगों का कहना है कि नूरनगंज एक बड़ा और घनी आबादी वाला मोहल्ला है, लेकिन यहां पूरे क्षेत्र का भार केवल एक ट्रांसफार्मर पर है। अधिक लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जाता है। इतना हीं नहीं ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटनाएं यहां के लिए आम बात है। जिसके कारण मुहल्ले में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।


अत्यधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की मांग


स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ केबल और ट्रांसफार्मर की मरम्मती कर खानापूर्ति की जाती है। आज विभाग की उदासीनता से परेशान होकर हीं लोगों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों ने मांग किया कि इस स्थान पर अत्यधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि लोड कम पड़े और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो।


भीषण गर्मी में बिजली समस्या गंभीर 


दरअसल भीषण गर्मी में बिजली की समस्या से उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोग पेयजल के लिए भी बिजली पर आश्रित हैं, क्योंकि अधिकांश घरों में मोटर के माध्यम से जलापूर्ति होती है। साथ हीं बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घर में रखें फ्रिज, कूलर, पंखे सहित सभी विद्युत उपकरण अधिकांश समय बंद पड़े रहते हैं। छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग एवं विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। गौरतलब हो कि अधिकारियों के त्वरित आश्वासन पर सड़क जाम की समस्या चंद मिनटों में ही दूर हो गई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट