किसान परिवार की बेटी मधुबाला बनीं एसडीएम, BPSC 70वीं परीक्षा में सफलता से कैमूर का बढ़ाया मान

सहायक संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 



कुदरा (कैमूर)। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत डिहरा गांव की बेटी मधुबाला कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) पद के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव, प्रखंड और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।


साधारण किसान परिवार से आने वाली मधुबाला कुमारी ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा। कठिन परिस्थितियों में निरंतर अध्ययन और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता आज ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।


मधुबाला कुमारी के पिता संतोष कुमार उर्फ पप्पू सिंह एक किसान हैं, जबकि उनकी माता संजू देवी गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में मधुबाला तीसरे स्थान पर हैं। परिवार ने हमेशा उनकी शिक्षा और सपनों को पूरा करने में सहयोग दिया, जिसका परिणाम आज पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय बन गया है।


एसडीएम पद के लिए चयन की खबर मिलते ही डिहरा गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। परिजन, रिश्तेदार, मित्र और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। गांव के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


ग्रामीणों का कहना है कि मधुबाला की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और युवाओं को नई प्रेरणा मिली है।


परिवार के सदस्यों ने मधुबाला की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को दिया। वहीं मधुबाला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


मधुबाला कुमारी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट