पुरनहिया में बाल विवाह रोकथाम पर विधिक जागरूकता कार्यक्रमः NALSA ASHA Scheme-2025 के तहत लोगों को दी गई जानकारी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 06, 2026
- 7 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के मार्गदर्शन में पुरनहिया प्रखंड में एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम NALSA ASHA Scheme-2025 के अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता फैलाना था। इसमें उपस्थित लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006, निःशुल्क विधिक सहायता, बच्चों के संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता बिपिन कुमार सिंह ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी प्रावधानों और इसकी रोकथाम में समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से इस सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
पैरा लीगल वालंटियर (PLV) आशुतोष कुमार सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता और जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जिला विधिक सेवा प्राधिकार को तत्काल सूचित करना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने इस विधिक जागरूकता अभियान की सराहना की और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की बात कही है।


रिपोर्टर