कुदरा पुलिस का विशेष अभियान, दो गिरफ्तार

9 इस्तेहार तामील, एक कुर्की वारंटी का निष्पादन; शराब सेवन के आरोप में कार्रवाई

रिपोर्ट संदिप कुमार

कैमूर:-- न्यायालय के आदेशों के अनुपालन एवं क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर कुदरा थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 9 इस्तेहार अधिपत्रों का तामील कराया गया, जबकि एक कुर्की वारंटी का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। वहीं शराब सेवन के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान राजेश कुमार एवं रितेश कुमार, दोनों पिता कन्हैया सिंह, निवासी ग्राम पचरा, को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों की चिकित्सीय जांच कराने के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में ग्राम पचरा निवासी रवि कुमार, पिता मुखन प्रसाद सिंह, के विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार इस्तेहार चस्पा किया गया। पुलिस ने संबंधित अभियुक्त को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यदि वह निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार न्यायालय से निर्गत वारंट, कुर्की एवं इस्तेहार अधिपत्रों के त्वरित निष्पादन के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य फरार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराना, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों, वारंटियों एवं न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट