जनता के लिए हमेशा खुला है एसपी कार्यालय, दलालों और अपराधियों पर सख्ती होगी एसपी शिखर चौधरी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 09, 2026
- 19 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
थानों में बिचौलियों की एंट्री पर रोक, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और नशा-पशु तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश
कैमूर:--- पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनसुलभ बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यालय का दरवाजा आम लोगों के लिए हर समय खुला है और कोई भी नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत या समस्या लेकर सीधे उनसे मिल सकता है।
मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी ने बताया कि जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि थानों में किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों की गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी फरियादी की शिकायत की अनदेखी होती है या अनावश्यक रूप से उसे परेशान किया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। आम नागरिकों का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए लोगों को न्याय दिलाने में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर भी सख्त रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अपराधियों, पशु तस्करों और अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अपराध, नशे के अवैध कारोबार या पशु तस्करी जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा हर सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में सुरक्षित, भयमुक्त और कानूनसम्मत वातावरण बनाए रखना है।


रिपोर्टर