शिवहर में 18 जुलाई को स्पेशल लोक अदालत, चेक बाउंस मामलों के निपटारे पर हुई बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 17, 2026
- 10 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर------ जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) ने 18 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह लोक अदालत नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 138 से संबंधित चेक बाउंस मामलों के त्वरित निपटारे के लिए होगी। बैठक एडीआर भवन, शिवहर में हुई।
DLSA शिवहर के सचिव ललन कुमार रजक ने बार एसोसिएशन, शिवहर के चेयरमैन और सचिव के साथ यह बैठक आयोजित की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) के निर्देशानुसार इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लंबित चेक बाउंस मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर प्रभावी और सौहार्दपूर्ण समाधान करना है।
सचिव ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक धारा 138, एनआई एक्ट के मामलों को इस स्पेशल लोक अदालत के लिए चिह्नित करें। साथ ही, संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए प्रेरित करें।
बैठक के दौरान मामलों की पहचान, पक्षकारों की
उपस्थिति सुनिश्चित करने, अधिवक्ताओं की भूमिका और स्पेशल लोक अदालत के सफल संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बार एसोसिएशन के चेयरमैन और सचिव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और अधिवक्ताओं से भी इस विशेष अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर ने सभी संबंधित पक्षकारों और अधिवक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे 18 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली इस स्पेशल लोक अदालत (एनआई एक्ट, धारा 138) में भाग लें। इससे वे अपने चेक बाउंस संबंधी विवादों का आपसी समझौते के माध्यम से शीघ्र और स्थायी समाधान प्राप्त कर सकेंगे।


रिपोर्टर