IMA आजमगढ़ चुनाव 2026: डॉ. डीपी राय बने अध्यक्ष, डॉ. रजनी त्रिपाठी सचिव, डॉ. फरहान अहमद निर्विरोध कोषाध्यक्ष
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jul 17, 2026
- 2 views
आजमगढ़, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आजमगढ़ इकाई के सत्र 2026-28 के द्विवार्षिक चुनाव में डॉ. डीपी राय अध्यक्ष, डॉ. रजनी त्रिपाठी सचिव तथा डॉ. फरहान अहमद निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। हरिहरपुर स्थित आईएमए भवन में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव में चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. नंदलाल यादव एवं चुनाव आयुक्त डॉ. अभिषेक सिंह की देखरेख में हुए मतदान में कुल 234 मतदाताओं में से 220 चिकित्सकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।अध्यक्ष पद के चुनाव में डॉ. डीपी राय ने 146 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. आनंद सिंह को 74 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की।वहीं सचिव पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। डॉ. रजनी त्रिपाठी और डॉ. मोहम्मद खालिद को 110-110 मत मिले, जिससे परिणाम टाई हो गया। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. निर्मल श्रीवास्तव ने बताया कि डॉ. मोहम्मद खालिद की सहमति और कार्यकारिणी के निर्णय के आधार पर डॉ. रजनी त्रिपाठी को सचिव पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. फरहान अहमद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।परिणाम घोषित होते ही आईएमए भवन में खुशी की लहर दौड़ गई। चिकित्सकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बधाई देते हुए संगठन के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। नई कार्यकारिणी से चिकित्सकों के हितों की रक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।


रिपोर्टर