मोहनियां में आठ लाख के चोरी कांड का खुलासा, नाबालिग के पास से सोने-चांदी के जेवर बरामद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 20, 2026
- 94 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:--- मोहनियां थाना पुलिस ने महज एक दिन के भीतर चोरी की बड़ी वारदात का सफल उद्भेदन करते हुए लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में एक नाबालिग लड़की को निरुद्ध किया गया है, जिससे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मोहनियां थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली वार्ड संख्या-5 निवासी मनोज कुमार के घर में चोरी की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर मोहनियां थाना कांड संख्या 542/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक कैमूर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनियां के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की को चिह्नित कर निरुद्ध किया। उसके कब्जे से चोरी के करीब आठ लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषणों में तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक सोने का टीका, एक जोड़ी सोने का जिउतिया लॉकेट तथा एक जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।
मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


रिपोर्टर