100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सीएचसी दुर्गावती में निक्षय मित्र सम्मानित

टीबी मरीजों को वितरित किए गए फूड बास्केट

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)----- 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गावती में निक्षय मित्रों के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित किए गए। इस दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता निभाने वाले निक्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी), प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम) मनीष श्रीवास्तव, वरीय लिपिक त्रिभुवन सिंह, बीसीएम आशुतोष कुमार, एसटीएस नीतीश कुमार तथा पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर–कम्युनिकेबल डिजीज (पीओ-सीडी) दीपक पांडेय सहित संस्थान के चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों ने टीबी मरीजों से नियमित एवं निर्धारित अवधि तक दवा लेने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार ग्रहण करने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही समाज के सक्षम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग करने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि टीबी उन्मूलन में सामुदायिक सहभागिता, जन-जागरूकता और निक्षय मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारियों ने टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट