अटक कला भवन निर्माण को लेकर डीएम ने जमीन खोजी


रोहतास। जिले में प्रस्तावित अटल कला भवन के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने सासाराम के दवनपुर में भूमि का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित अटल कला भवन रोहतास जिले के लिए महत्वपूर्ण सौगात सिद्ध होगा। यह भवन जिलेवासियों के लिए कला,संस्कृति एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहाँ विभिन्न कला विधाओं के संरक्षण,संवर्धन एवं विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजनों को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कला एवं संस्कृति के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा अटल कला भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित 620 क्षमता वाले अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु लगभग 2 एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए नजरी नक्शा,चौहद्दी,अनापत्ति प्रमाण-पत्र तथा भूमि हस्तांतरण से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्ताव शीघ्र कला एवं संस्कृति विभाग,बिहार को भेजा जाय,ताकि निर्माण कार्य की अग्रेतर कार्रवाई समयबद्ध ढंग से प्रारंभ की जा सके। उन्होंने कहा कि अटल कला भवन भविष्य में रोहतास जिले के सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहाँ जिले के विभिन्न उत्सवों, महोत्सवों,सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य प्रस्तुतियों,संगीत एवं नृत्य आयोजनों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा सकेगा। 

इस दौरान उप विकास आयुक्त,विजय कुमार पाण्डेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी,मदन राय,वरीय उपसमाहर्ता,कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी सासाराम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट