बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर छापेमारी, 24.75 लाख रुपये की ऊर्जा चोरी पकड़ी गई

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी---- गया शहर में बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत विद्युत अधीक्षण अभियंता (एसटीएफ) संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार देर रात चंदौती और बोधगया क्षेत्र में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का खुलासा किया। अभियान में विद्युत कार्यपालक अभियंता (गया शहरी), सहायक विद्युत अभियंता पावर हाउस, कनीय विद्युत अभियंता चंदौती, दांडीबाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा चंदौती थाना पुलिस शामिल रही।

छापेमारी के दौरान रात करीब 11 बजे कटारी स्थित अवधेश कुमार के ई-रिक्शा चार्जिंग परिसर में जांच की गई। जांच में पाया गया कि वैध बिजली कनेक्शन होने के बावजूद मीटर के आंतरिक सर्किट में छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। इस मामले में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) को लगभग 19.50 लाख रुपये की क्षति हुई। आरोपी के विरुद्ध चंदौती थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसी दिन अपराह्न 1:30 बजे सहायक विद्युत अभियंता, बोधगया के नेतृत्व में धनावा स्थित सिद्धार्थ कुमार लोहानी के औद्योगिक परिसर में भी छापेमारी की गई। यहां भी बिजली चोरी पकड़ी गई, जिससे विभाग को करीब 5.25 लाख रुपये की क्षति हुई। इस मामले में बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में एसटीएफ एवं मुख्यालय की समीक्षा में यह सामने आया है कि शहरी क्षेत्रों में ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही है। इसे रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो दिन और रात दोनों समय स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लगातार छापेमारी कर रही हैं।

विद्युत विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं बिजली चोरी हो रही हो तो इसकी सूचना विभाग को दें। विभाग का कहना है कि अवैध बिजली उपयोग से ट्रांसफार्मर और केबल जलने जैसी घटनाएं बढ़ती हैं, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है। समय पर सूचना मिलने पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर बिजली व्यवस्था को सुरक्षित रखा जा सकेगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट