बीएससी नर्सिंग छात्र की सड़क हादसे में मौत, दो साथी गंभीर घायल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 22, 2026
- 1 views
रोहतास ।जिले के धौड़ाढ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुए भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देर रात करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब तीनों छात्र एक दोस्त के यहां पार्टी से लौट रहे थे।
मृतक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशिला गांव निवासी गौरी शंकर प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। वह शेरशाह नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग का छात्र था।
मृतक की बहन आकांक्षा ने बताया कि अभिषेक घर से यह कहकर निकला था कि वह दोस्त की पार्टी में जा रहा है। शाम में उसने फोन कर बताया था कि वह रात में घर नहीं लौट पाएगा। लेकिन देर रात धौड़ाढ थाना पुलिस का फोन आया, जिसमें सड़क दुर्घटना की सूचना दी गई।
हादसे में घायल दोनों छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। वहीं, अभिषेक कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक सिद्धार्थ राज ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


रिपोर्टर