गुरु पूर्णिमा पर भाजपा नेताओं ने श्री रामानुज मठ में पूज्य स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी का किया सम्मान
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 29, 2026
- 8 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता एवं संतोष ठाकुर ने स्थानीय श्री रामानुज मठ पहुंचकर पूज्य स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज को अंगवस्त्र, भगवान बुद्ध का स्मृति-चिह्न, बैग, कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व को स्मरण करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को समाज की अमूल्य धरोहर बताया।
भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि संसार में गुरु से बढ़कर कोई श्रेष्ठ नहीं है, क्योंकि गुरु ही मनुष्य को सही मार्ग दिखाकर उसके व्यक्तित्व, चरित्र और जीवन का निर्माण करते हैं। गुरु के सान्निध्य से व्यक्ति संस्कारवान, कर्तव्यनिष्ठ एवं राष्ट्रभक्त बनता है।
उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा पूरे विश्व के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। भगवान श्रीकृष्ण से लेकर महर्षि वेदव्यास तक हमारे ऋषि-मुनियों ने ज्ञान, संस्कृति और मानव मूल्यों के संरक्षण में अतुलनीय योगदान दिया है। गुरु पूर्णिमा का पर्व अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का श्रेष्ठ अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पूज्य स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज में नैतिक मूल्यों, सेवा, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर बबलू गुप्ता, मंटू कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


रिपोर्टर