बीती रात कैमूर एसपी शिखर चौधरी ने भभुआ अनुमंडल के बेलांव और करमचट थाना का औचक निरीक्षण किया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 30, 2026
- 25 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बीती रात भभुआ अनुमंडल के बेलांव एवं करमचट थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से दोनों थानों में पुलिसकर्मियों के बीच हलचल तेज हो गई। एसपी ने सबसे पहले थाना सिरिस्ता का निरीक्षण किया और वहां रखी गई विभिन्न पंजियों, अभिलेखों तथा रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी शिखर चौधरी ने थाना में दर्ज लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक मामले की अनुसंधान प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए और अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही फरार चल रहे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश भी दिया पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्ती व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को गश्त को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे एसपी शिखर चौधरी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, सरकारी अभिलेखों के समुचित संधारण तथा कार्यालय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए निरीक्षण के अंत में एसपी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आम लोगों की सुरक्षा कैमूर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर