थाना पुलिस की कार्रवाई में शराब के नशे में पांच लोग गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक हिरासत में
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 30, 2026
- 12 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के कुदरा थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून के प्रभावी पालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब के नशे में पाए गए पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों की पहले चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार किए गए लोगों में बेलभद्रा गांव निवासी संतोष कुमार, पिता अंगद यादव, कुदरा थाना क्षेत्र के धनाढ़ी गांव निवासी दिना राम, पिता सुनर राम, संतोष चौधरी, पिता हिरालाल चौधरी तथा ननकू बिन्द, पिता स्वर्गीय सिपाही बिन्द शामिल हैं। वहीं रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हीपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार, पिता दिनेश राम को भी शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
कुदरा थाना पुलिस ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब के अवैध कारोबार तथा शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं शराब के निर्माण, बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
कुदरा थाना की इस कार्रवाई को शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


रिपोर्टर