डीएम ने की प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा,सोलर मेले के आयोजन के दिये निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 30, 2026
- 2 views
रोहतास। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा उन्हें ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. इंद्रदेव कुमार,विद्युत कार्यपालक अभियंता सासाराम ई.ब्रवीम, विद्युत कार्यपालक अभियंता डेहरी, ई. संतोष कुमार तथा बैंकर्स सहित सभी सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ पहुँचाने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने एवं इस योजना को जन-जन तक ले जाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय तथा अधिक बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सोलर अपनाने हेतु प्रेरित किया जाय। यह योजना न केवल बिजली बिल में कमी लाती है,बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी लाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30000, 2 किलोवाट पर 60000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78000 रूपये तक की सरकारी सब्सिडी प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में 1 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र प्रतिदिन लगभग 4 यूनिट तथा प्रतिमाह लगभग 120 यूनिट, 2 किलोवाट क्षमता का संयंत्र प्रतिदिन 8 यूनिट तथा प्रतिमाह लगभग 240 यूनिट, 3 किलोवाट क्षमता का संयंत्र प्रतिदिन 12 यूनिट तथा प्रतिमाह लगभग 360 यूनिट, 4 किलोवाट क्षमता का संयंत्र प्रतिदिन 16 यूनिट तथा प्रतिमाह लगभग 480 यूनिट, जबकि 5 किलोवाट क्षमता का संयंत्र प्रतिदिन 20 यूनिट तथा प्रतिमाह लगभग 600 यूनिट बिजली का उत्पादन कर सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए उपभोक्ताओं को बैंकों के माध्यम से रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका भुगतान 4 से 5 वर्ष की अवधि में किया जा सकता है।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सोलर संयंत्रों के अधिष्ठापन में तेजी लाने हेतु सोलर मेले का आयोजन किया जाय तथा अधिकाधिक उपभोक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चि की जाय। इसी क्रम में 1 अगस्त को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय,डेहरी परिसर में सोलर मेला आयोजित किया जाना है, जिसमें उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र की स्थापना,लागत,सरकारी सब्सिडी,बैंक ऋण,नेट मीटरिंग एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही इच्छुक उपभोक्ता मौके पर आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे। जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सोलर मेले में भाग लेकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठायें तथा स्वच्छ,सस्ती एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


रिपोर्टर