बरसठी थाने पर बिजली संकट: तीन दिन में तीन ट्रांसफार्मर फुंके, चार दिनों से अंधेरे में पुलिस का कामकाज प्रभावित

बरसठी(जौनपुर)-- बरसठी थाना पिछले चार दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहा है। थाना परिसर को विद्युत आपूर्ति देने वाला ट्रांसफार्मर बीते तीन दिनों में लगातार तीन बार फुंक जाने से पुलिस का नियमित सरकारी कामकाज प्रभावित हो गया है। बिजली के अभाव में अभिलेखीय कार्य, कार्यालय संचालन तथा अन्य प्रशासनिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न हो रही है।

जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना परिसर को बिजली आपूर्ति देने वाला ट्रांसफार्मर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बरसठी परिसर में ही स्थापित है। उपकेंद्र और थाना आमने-सामने होने के बावजूद बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होना और चार दिनों तक बिजली आपूर्ति बहाल न हो पाना विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बिजली आपूर्ति बाधित रहने से थाना परिसर में आवश्यक कार्यों के संचालन में परेशानी हो रही है। भीषण उमस और गर्मी के बीच पुलिसकर्मियों को बिना बिजली के ड्यूटी करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे कार्य निष्पादन भी प्रभावित हो रहा है।

इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि बरसठी थाने के लिए 25 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कल तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

लगातार ट्रांसफार्मर फुंकने और कई दिनों तक थाना परिसर में बिजली आपूर्ति बहाल न होने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि केवल ट्रांसफार्मर बदलना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने विद्युत विभाग से बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने के कारणों की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट