जिला नियोजन कार्यालय के कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 24, 2026
- 12 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित कर जिले के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा नियोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गयी। जिला पदाधिकारी ने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में नियमित रूप से रोजगार शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाय, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि रोजगार शिविरों एवं मेलों के आयोजन के लिए विभिन्न नियोजकों एवं प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित किया जाय तथा अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाय। साथ ही रोजगार के इच्छुक युवाओं तक इन आयोजनों की जानकारी समय पर पहुँचाने के लिए व्यापक स्तर पर सूचना एवं जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्टडी किट,टूल किट एवं अन्य संबंधित सामग्री के वितरण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को ससमय स्टडी किट एवं टूल किट का वितरण सुनिश्चित किया जाय,ताकि लाभुकों को अपने अध्ययन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के कार्यों में इसका समुचित लाभ मिल सके। जिला पदाधिकारी ने जिला नियोजन कार्यालय को निर्देशित किया कि युवाओं के कौशल एवं रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से नियोजन एवं कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाय। उन्होंने रोजगार संबंधी योजनाओं एवं अवसरों का लाभ अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नियोजन कार्यालय से संबंधित कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित गतिविधियों एवं लक्ष्यों का समयबद्ध रूप से निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश तिवारी एवं जिला कौशल प्रबंधक मनीष कुमार उपस्थित रहे।


रिपोर्टर