बड़ी वारदात की फिराक में थे अपराधी कई गिरफ़्तार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 31, 2026
- 3 views
रोहतास।बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देने की आशंका पर काराकाट पुलिस ने समय रहते अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। काराकाट थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद थाना अध्यक्ष विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। इस दौरान निरीक्षक विकास कुमार की सक्रियता और त्वरित रणनीति के चलते पुलिस ने कुछ ही देर में घेराबंदी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सखवा पुल से शहरी जाने वाले एक राहगीर से अपराधियों ने मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी इंडिगो कार से बेलवाई की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विवेक कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई। निरीक्षक विकास कुमार ने टीम के साथ विभिन्न मार्गों की घेराबंदी की और दयालगंज पुल के पास इंडिगो कार को रोककर तीनों अपराधियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से अवैध हथियार, लूटी गई नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया। वहीं लूटी गई मोटरसाइकिल एक फरार आरोपी के घर से बरामद की गई। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
काराकाट पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय स्तर पर निरीक्षक विकास कुमार को एक सक्रिय और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में देखा जाता है। वहीं थाना अध्यक्ष विवेक कुमार के नेतृत्व में लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान और तेज हुआ है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिक्रमगंज में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में करीब 35 लाख रुपये के आभूषणों की बड़ी लूट हुई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद भी पुलिस अब तक अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है और मामले का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।


रिपोर्टर