25 हजार का इनामी बदमाश 'टाइगर' गिरफ्तार, मीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता

भैंस व पिकअप चोरी के मामलों में था वांछित, आठ मुकदमों का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में


जौनपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और भैंस व पिकअप चोरी के मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुजीत सरोज उर्फ पग्गल उर्फ टाइगर पुत्र शोभनाथ उर्फ प्रहलादी, निवासी करौरा, थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर है। उसके विरुद्ध थाना मीरगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 127/2025 एवं 121/2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर 2025 को चौकी खुर्द निवासी केशव गौतम ने अपनी भैंस चोरी होने के संबंध में थाना मीरगंज में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं 23 सितंबर 2025 को करियांव निवासी जैन कुमार बिंद ने अपने घर के सामने खड़ी पिकअप वाहन चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान दोनों घटनाओं में सुजीत सरोज उर्फ टाइगर का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2020 से लगातार दर्ज है और वह कई मामलों में पुलिस के लिए वांछित रहा है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया, कांस्टेबल अरविन्द कुमार सिंह, आरक्षी आकाश कुमार, सर्वजीत अग्रहरी तथा महिला आरक्षी रिया शुक्ला शामिल रहीं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट