कैमूर पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय गैंग के दो लूटेरे,झारखंड में 5 और गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 02, 2026
- 13 views
कैमूर के भभुआं में ज्वेलरी कारोबारी से हथियार के बल पर हुई लूट का हुआ खुलासा,
तीन बाइक, लूटा गया बैग और आधार कार्ड हुआ बरामद, गिरोह की तार ओडिशा, आंध्र प्रदेश और झारखंड से जुड़े हुए
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिले में ज्वेलरी कारोबारी से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस गैंग के पांच अन्य सदस्यों को झारखंड के गुमला में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में टीम बनाकर ज्वेलरी लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम भभुआ थाना क्षेत्र के अखिलासपुर निवासी ज्वेलरी व्यवसायी से करीब 16 ग्राम सोना और 750 ग्राम चांदी के आभूषण हथियार के बल पर लूट लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी जांच और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना का सफल उद्भेदन किया। बरामदगी में तीन मोटरसाइकिल, लूटा गया बैग और पीड़ित का आधार कार्ड शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य आंध्र प्रदेश से जुड़े हैं और अलग-अलग राज्यों में किराये के मकान लेकर बिहार, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में ज्वेलरी लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के दो निवासी शामिल हैं, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी झारखंड पुलिस ने की है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और उनसे पूछताछ के आधार पर कई अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। ऐसे अंतरराज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह पहले भी बिहार में सक्रिय रहे हैं, जिनके खिलाफ हाल के महीनों में कई बड़ी कार्रवाई की गई हैं।


रिपोर्टर