केमिकल सुंघाकर महिला से लूटपाट मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- पुलिस ने महिला को केमिकल सुंघाकर जेवर व नकदी लूटने वाले मामले का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में भभुआं के एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बहेरी निवासी नीलम देवी, पति सोनु गोड़ ने 20 जुलाई 2026 को भभुआ थाना में आवेदन देकर बताया था कि 12 जुलाई 2026 को भभुआ आने के दौरान सिकठी नहर के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें केमिकल सुंघाकर बेहोश कर दिया और उनका मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र, कान का झाला, नाक की नथनी, चांदी का पायल तथा 800 रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद भभुआ थाना कांड संख्या 739/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 303(2), 318(4) एवं 123 के तहत अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के क्रम में 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों रामप्रवेश मुसहर (पिता बाबूलाल मुसहर, निवासी डुमरी), अनिता देवी (पति रामप्रवेश मुसहर, निवासी डुमरी) तथा डब्लू सेठ (पिता रामकृपाल सेठ, निवासी डिडिखिली, थाना दुर्गावती) को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पीड़िता का कान का झाला, नाक की नथनी, चांदी का पायल तथा मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस सफल कार्रवाई में भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हरेराम कुमार तथा भभुआ थाना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट