सीएचसी बरसठी में आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का उन्मुखीकरण, किशोरियों के स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण

बरसठी, जौनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी में शुक्रवार को आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय एकीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन विकास संस्थान, स्वास्थ्य विभाग एवं आईसीडीएस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 100 आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण, माहवारी स्वच्छता, एनीमिया की रोकथाम तथा यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य एवं अधिकार (एसआरएचआर) से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर सीडीपीओ श्रीमती बीनू सिंह, सीएचओ डॉ. सूर्य भान पटेल तथा बीसीपीएम समरजीत यादव ने आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

जन विकास संस्थान के परियोजना समन्वयक पीयूष पंकज ने एसआरएचआर से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम के अंत में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट