समाधान दिवस में पहुंचे डीएम-एसपी, सुनी फरियादें; बरसठी थाने में आदर्श भोजनालय का किया उद्घाटन

सीसीटीएनएस व अभिलेखों का किया निरीक्षण, निर्माणाधीन मीटिंग हॉल का भी लिया जायजा


बरसठी, जौनपुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को बरसठी थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर में नव निर्मित आदर्श भोजनालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार और क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। दोपहर करीब 1:40 बजे जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह थाना बरसठी पहुंचे। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस की कार्यवाही का जायजा लेते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने तीन प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई की। इनमें परियत निवासी राकेश कुमार पुत्र मनेही द्वारा कब्जा एवं खेती करने में अवरोध उत्पन्न करने संबंधी शिकायत तथा अनीता देवी द्वारा राजकुमार पर पत्थर उखाड़ने के संबंध में दिया गया प्रार्थना पत्र शामिल रहा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की मौके पर जाकर जांच की जाए और वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।समाधान दिवस की सुनवाई के बाद डीएम और एसपी ने थाना कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस सिस्टम के साथ विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया तथा उनके रखरखाव और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने थाना कार्यालय की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इसके बाद डीएम और एसपी थाना परिसर में नव निर्मित आदर्श भोजनालय पहुंचे, जहां दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उसका उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने भोजनालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने थाना परिसर में निर्माणाधीन मीटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मड़ियाहूं नवीन कुमार, सीओ विजय चौधरी, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव, अपराध निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, एसएसआई अनिल यादव, एसआई अंब्रिश सिंह, एसआई शैलेंद्र दुबे, एसआई सुरेंद्र सिंह, सी राजकुमार सिंह समेत थाना बरसठी के समस्त पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट