कोबरा के डंसने से 26 वर्षीय महिला की मौत, तीन मासूम बेटियां हुईं बेसहारा

बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के गहलाई गांव में शुक्रवार को जहरीले सांप के डंसने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को कोबरा सांप ने दाहिने पैर के निचले हिस्से में तीन बार डंसा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गहलाई गांव निवासी रीना देवी शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे घर के एक कमरे में सो रही अपनी तीन मासूम बेटियों को देखने गई थीं। इसी दौरान कमरे में मौजूद कोबरा सांप ने उनके दाहिने पैर के निचले हिस्से में तीन बार डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में रीना देवी ने दम तोड़ दिया।

रीना देवी अपने पीछे तीन मासूम बेटियां छोड़ गई हैं। इनमें प्रिया तीन वर्ष, रिया दो वर्ष और तीन माह की तृषा शामिल हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया है। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद शुक्रवार देर शाम रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर मौजूद कोबरा सांप को काफी मशक्कत के बाद पकड़कर अपने साथ ले गई। मृतका के पति पंकज कुमार गौतम भन्नौर में मोबाइल की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शनिवार सुबह परिजनों ने थाना बरसठी में लिखित सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट