खड़गे के समर्थन में आजमगढ़ में कांग्रेस का जोरदार मार्च, भेदभाव के खिलाफ सत्याग्रह
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Aug 14, 2026
- 3 views
आजमगढ़, 14 अगस्त 2026। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा स्थल के कथित “शुद्धिकरण” की घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ ने शुक्रवार को जिला स्तरीय मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया। कांग्रेसजनों ने सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ आवाज उठाते हुए संविधान में निहित समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की रक्षा का संकल्प लिया।जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में मार्च जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, रैदोपुर होते हुए गांधी प्रतिमा तक पहुंचा। गांधी प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने सत्याग्रह किया और सामाजिक समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुन्ना राय ने कहा कि खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उन संवैधानिक मूल्यों का अपमान है, जिनके आधार पर देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भेदभाव, छुआछूत और सामाजिक असमानता के हर रूप के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि भेदभाव और असमानता की मानसिकता के खिलाफ है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा का अधिकार दिया है। कांग्रेसजन संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे।मार्च एवं सत्याग्रह में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, मुन्नू यादव, विपिन कुमार पाठक, चंद्रपाल सिंह यादव, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, बेलाल बेग, तेज बहादुर यादव, मो. आमिर, अजीत राय, संतोष सिंह, दिनेश यादव, प्रमोद यादव, जगदंबिका चतुर्वेदी, गोपाल कृष्ण राय, शाने आलम, नजम शमीम, मो. अजमल, ओम प्रकाश सरोज, मंसूर आलम, अकमल, मोतिउर्रहमान, मो. फुज़ैल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने “दलितों का अपमान नहीं सहेंगे”, “भेदभाव और छुआछूत बंद करो” और “सामाजिक न्याय जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए।


रिपोर्टर