पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

जौनपुर । जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ।

पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति का जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बुके भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों को स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए महात्मा गांधी के नेतृत्व में असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके त्याग, बलिदान और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता, समृद्धि और विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अतिथियों और दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में शामिल विद्यालयों के शिक्षकों को भी स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट की गई।

समारोह के दौरान जिले में स्वच्छता और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, कलाकारों, सफाई मित्रों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन सलमान शेख ने किया।

इसी क्रम में विकास भवन, तहसीलों, विकासखंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट