पीडीए पंचायत में भाजपा सरकार पर बरसे सपा नेता, बोले- सामाजिक न्याय और विकास के लिए एकजुट हो जनता


आजमगढ़/मेंहनगर,  समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में मंगलवार को मेंहनगर में पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। विधायक पूजा सरोज के नेतृत्व में आयोजित पंचायत में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र की जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में पीडीए समाज के उत्पीड़न, आरक्षण, पेपर लीक तथा अयोध्या में भगवान राम के मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और पीडीए आंदोलन को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।पंचायत को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर छात्रों, नौजवानों और पीडीए समाज के प्रति कथित रूप से पुलिसिया कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पेपर लीक की समस्या से निजात दिलाने, भगवान राम के खजाने को कथित लूट से बचाने तथा प्रदेश में विकास की गति को फिर से तेज करने के लिए सभी वर्गों के लोगों को एकजुट होकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करना होगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सपा की नीतियों व राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विधायक पूजा सरोज, संग्राम यादव, नफीस अहमद, नंद किशोर यादव, विजय यादव समेत सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट