वीडियो सत्यापन में पुलिस अधिकारियों की अनुशासनहीनता उजागर, दो निलंबित

नर्तकी के कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से शामिल होने का वीडियो सामने आने के बाद कैमूर एसपी ने की कार्रवाई


ब्यूरो चीफ संदिप कुमार 


कैमूर:-- सोशल मीडिया पर प्रसारित नर्तकी के कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कैमूर पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर थाने में पदस्थापित दो पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक कैमूर, भभुआ के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो करीब दो वर्ष पुराने एक शादी समारोह का है। वीडियो में चैनपुर थाना में पदस्थापित एसआई सत्येंद्र कुमार और एसआई चंदन कुमार पुलिस पदाधिकारी के रूप में पहचाने गए हैं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि वीडियो में नजर आ रहे अजित यादव, जो पूर्व में हत्या व आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी रहा है, वह भी उक्त कार्यक्रम में शामिल था। पुलिस अधिकारियों द्वारा ऐसे व्यक्ति के साथ सार्वजनिक रूप से बैठकर नर्तकी का कार्यक्रम देखने की पुष्टि होने पर इसे पुलिस आचरण एवं अनुशासन के प्रतिकूल माना गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक कैमूर ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। कैमूर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की वर्दी अनुशासन, निष्पक्षता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। कर्तव्य एवं आचरण के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट